अब जाने दो बिटिया
सुना है आज कल नीले फूल और मुसाफिर के किस्से सुनाते हो तुम
कभी तुम्हारी हँसी के ठहाकों से सारे गलियारे और रोशनदान भर जाते थे
हमेशा मिठाई के एक टुकड़े से बात शुरू होती
और गुड के डिब्बे के ख़ाली होने पर ख़त्म
पान की गिल्लौरी खाते ही “इधर आओ बिटिया बतायें” बोल मुस्कुराते
जब तुम्हारी ठंडी त्वचा को आखरी बार सहलाया था
तो थोड़ी सी हँसी खुरच के रखने की कोशिश की थी
सफ़ेद बताशों के साथ भरी दोपहर में दिखे थे,
मलमल के कुरते में झूमते आये और गले लगा के बोले ‘अब जाने दो बिटिया’
वही पहाड़, झरना, पुरानी दिल्ली की शाम और पान की गिल्लौरी में मिलते हैं
— वल्लरी